लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र महिलाएं जल्द कराएं पंजीकरण : डीसी
दूसरे चरण में नए लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी, पात्र महिलाओं को हर माह मिलेंगे 2100 रुपये
दो टूक न्यूज
झज्जर। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण के तहत नए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। डीसी वर्षा खांगवाल ने जिले की पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द पंजीकरण करवाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं पंजीकरण करवाकर सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जिला प्रशासन की ओर से पात्र महिलाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पात्र महिलाएं योजना की पात्रता और पंजीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर समय रहते अपना पंजीकरण करवाएं। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण पहल है।

पंजीकरण में महिलाओं की मदद करें अधिकारी
डीसी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पंजीकरण के लिए आने वाली महिलाओं को योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया में पूरा सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्रता रखने वाली कोई भी महिला जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे।
डीसी ने आमजन से भी अपील की कि वे अपने आसपास की पात्र महिलाओं को योजना के बारे में जानकारी दें और उन्हें पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
फोटो : वर्षा खांगवाल, डीसी झज्जर।