कालू पीर कालोनी में शनिवार को महिला की संदिग्ध हालात में फंदा लगाने से मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न करने और बेटा पैदा न होने से खफा ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर टांग दिया। पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जींद के ढाठरथ गांव के बीरबल ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी पांच बेटियों में 24 वर्षीय बिंदू सबसे छोटी थी। 7 जनवरी 2019 को बिंदू की शादी कालू पीर कालोनी काबड़ी रोड के साथ हुई थी। शादी में आठ लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज के लिए बेटी को बार-बार प्रताड़ित कर रहे थे। वह आरोपित ससुराल वालों के कभी 10, 20 और एक लाख रुपये दहेज देता रहा। बिंदू ने बेटी को जन्म दिया तो ससुराल वाले नाखुश थे। बेटी को मानसिक रूप से परेशान किया। पति सुनील, ससुर कर्ण सिंह, जेठ सुरेंद्र, जेठानी रीना व ननंद किरण ने बेटी को पीटा और एक लाख रुपये का दहेज मांगा। उसने ऑनलाइन दामाद के खाते में एक लाख रुपये जमा करा दिए।
मामी से नहीं मिलने दिया इंदु को
तीन जून को उसने बार-बार बेटी को कॉल की। लेकिन सुनील ने बात नहीं कराई। इसके बाद अर्जुन नगर में रह रही साले की पत्नी शीला को बिंदू के ससुराल भेजा। ससुराल वालों ने शीला के साथ गाली-गलौज की और बिंदू से मिलने नहीं दिया। शनिवार को दामाद सुनील को काल की तो जवाब नहीं दिया। ससुर कर्ण सिंह ने काल कर बताया कि जल्द से सिविल अस्पताल में आ जाओ। वह स्वजनों के साथ अस्पताल पहुंचा तो बेटी का शव पड़ा था। ससुराल वालों ने दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दी। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।