17 अक्टूबर तक चलेंगे जनकल्याण के कार्यक्रम, ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत; डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश
दो टूक न्यूज
झज्जर। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, सहयोग और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को नए बस स्टैंड परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अभियान की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। इससे पहले डीसी ने नए बस स्टैंड का दौरा कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा भी लिया।
अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया/रक्तदान, मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा, नमो सेवा–अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प, वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
डीसी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। रक्तदान जैसे कार्यक्रमों से जरूरतमंदों की मदद को बढ़ावा मिलेगा, वहीं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, संजय कबलाना, एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल और सीटीएम ऋतु सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।