आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित कर होगा सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ*
*-झज्जर जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम*
*-डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा- केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ चलेगा सेवा संकल्प अभियान*
दो टूक न्यूज
*झज्जर, 16 सितंबर*
झजर जिला में राष्ट्रीय स्तर पर आरंभ हो रहे सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ गुरूवार, 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलन के साथ होगा। आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित होने के साथ ही नागरिक अस्पताल झज्जर में रक्तदान शिविर भी गुरूवार को लगाया जा रहा है। समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोडऩे और जनकल्याण की भावना को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाभर में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किए जाएगा। यह बात डीसी वर्षा खांगवाल ने कही। डीसी बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में सेवा संकल्प अभियान के मद्देनर संबंधित नोडल अधिकारियों की बैठक ले रही थी। इससे पहले सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी रूप से प्रदेश भर में कार्यक्रमों के आयोजनों बारे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सभी उपायुक्त को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
डीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोडऩा, सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने तथा कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*12 मॉड्यूल के तहत आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां*
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 12 मॉड्यूल के माध्यम से विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें आशीर्वाद का दीया/रक्तदान, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा- विकसित भारत का संकल्प, वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, राष्टï्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य सेवा भावना को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोडऩा है। रक्तदान जैसी जनसेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि चित्र सेवा, अनकही कहानियों और सेवा की कहानी जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच एवं सेवा भावना को सामने लाने का माध्यम बनेंगे।
*जिलाभर में जनभागीदारी और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा*
डीसी ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प और सेवा सेतु अभियान के माध्यम से जनभागीदारी को व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के जरिए सेवा कार्यों में नए विचारों एवं नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा। सुशासन सेवा संवाद के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण के बीच समन्वय को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। डीसी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के हर वर्ग को जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा। सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सेवा भावना को मजबूत करते हुए जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को नई गति दी जा सकती है।
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार फौगाट, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार सहित भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
———
*फोटो कैप्शन* : झज्जर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करती डीसी वर्षा खांगवाल।

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और सुधार का अंतिम अवसर, 30 सितंबर तक करें आवेदन*
*-एसआईआर-2026 अभियान में पात्र युवाओं से तुरंत फॉर्म-6 भरने की अपील, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश*
*झज्जर, 16 सितंबर।*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला झज्जर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने का कार्य जारी है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा अपात्र नामों को हटाने और आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र युवा मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे 30 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और पात्रता पूरी होते ही आवेदन करें। डीसी ने झज्जर में संबंधित ईआरओ की बैठक में एसआईआर प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*30 सितंबर तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां*
डीसी ने बताया कि एसआईआर-2026 के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर तक दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निपटान 28 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 नवंबर को होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपना तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम और विवरण प्रारंभिक मतदाता सूची में समय रहते जांच लें।
*फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से कराएं आवश्यक सुधार मतदाता*
डीसी बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, मृत, अपात्र, स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता के नाम के संबंध में फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
*वोटर बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों से प्राप्त करें सहायता*
डीसी ने कहा कि नागरिक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने अथवा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। मतदाता सूची से संबंधित सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, विश्वसनीय एवं अद्यतन बनाया जा सकता है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है।
—————-
*फोटो कैप्शन* : झज्जर में अधिकारियों की बैठक में एसआईआर-2026 प्रक्रिया की समीक्षा करतीं डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल।
खरीफ फसल खरीद की तैयारियों को लेकर मंडियों में नोडल अधिकारी नियुक्त : डीसी*
*मंडियों में खरीद, उठान, परिवहन व श्रमिक व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश*
*झज्जर, 16 सितंबर*
खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के दौरान किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला की सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों के लिए अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए संबंधित मंडियों की व्यवस्थाओं की निगरानी और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी है।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने निर्धारित मंडी एवं खरीद केंद्र में खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें तथा किसानों, आढ़तियों, श्रमिकों और खरीद एजेंसियों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। मंडियों में फसल की खरीद के साथ-साथ उठान, परिवहन और श्रमिकों की उपलब्धता पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। नियुक्त नोडल अधिकारी मंडी एवं खरीद केंद्र में खरीद प्रक्रिया की समग्र निगरानी करेंगे और नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, मंडियों में सामने आने वाली समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान संबंधित विभागों के समन्वय से सुनिश्चित किया जाएगा।
*कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात*
डीसी ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा खरीद प्रक्रिया के दौरान आने वाली शिकायतों के निवारण के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट-सह-अध्यक्ष शिकायत निवारण समिति को भी जिम्मेदारी सौंपी है। ये अधिकारी संबंधित मंडियों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के साथ विभिन्न प्रकार की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करेंगे। परिवहन, श्रमिकों तथा मंडियों से फसल के उठान से जुड़े मामलों की भी निगरानी की जाएगी।
*मंडियों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश*
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को मंडियों एवं खरीद केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सतह का समतलीकरण, अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, खरीद केंद्र से मुख्य मार्ग अथवा नजदीकी पक्की सडक़ तक रास्ते की व्यवस्था, कंप्यूटर एवं कर्मचारियों के लिए टेंट अथवा पक्की संरचना, आढ़तियों के बैठने के लिए कुर्सियों सहित उचित स्थान, पेयजल, अस्थायी शौचालय तथा श्रमिकों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
*एडीसी को जिला स्तर पर समग्र निगरानी की जिम्मेदारी*
एडीसी झज्जर को जिले में खरीद प्रक्रिया की समग्र निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, झज्जर द्वारा सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों से प्राप्त रिपोर्ट का संकलन कर संबंधित अधिकारियों को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य खरीफ खरीद सीजन के दौरान किसानों को निर्बाध एवं सुचारू खरीद व्यवस्था उपलब्ध करवाना है।
