डीसी वर्षा खांगवाल ने रिबन काटकर किया पंजीकरण अभियान का शुभारंभ
पात्र महिलाओं से योजना का लाभ उठाने का आह्वान*
झज्जर, दो टूक न्यूज
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण के तहत आज से नए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झज्जर में डीसी वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय फेज 2 परिसर में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। डीसी वर्षा खांगवाल ने रिबन काटकर पंजीकरण प्रक्रिया की शुरुआत की और पात्र महिलाओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
डीसी ने कहा कि योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने पात्र महिलाओं से आह्वान किया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें योजना के अंतर्गत मिलने वाली 2100 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता का लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान पात्र महिलाओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध करवाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन द्वारा पात्र महिलाओं से अपील की गई है कि वे योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर समय पर अपना पंजीकरण करवाएं और सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर सीटीएम ऋतु, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेणु बाला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
——
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर में लाडो लक्ष्मी योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ करती डीसी वर्षा खांगवाल।