बाढ़सा से शुरू होकर शहीदों को नमन करते हुए धारौली पंहुचेगी तिरंगा यात्रा
— विधान सभा क्षेत्र के प्रत्येक शहीद स्मारक पर माल्यार्पण का कार्यक्रम
दो टूक न्यूज
झज्जर, 31 जुलाई। बादली विधान सभा क्षेत्र में शहीद सम्मान तिरंगा
यात्रा नौ अगस्त सोमवार को आयोजित की जाएगी। शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा
नौ अगस्त को सुबह नौ बजे हलके के गांव बाढ़सा स्थित स्वतंत्रता सेनानी
पतराम जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू होकर धारौली गांव में
स्थित शहीद नरेश जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ संपन्न होगी। प्रदेश
भाजपा अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने सिलानी में आयोजित कार्यकर्ताओं की
बैठक में यह जानकारी देते हुए शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा की तैयारियों को
लेकर विस्तार से चर्चा की। धनखड़ ने कहा कि आजादी का पावन पर्व शहीदों के
सम्मान में मनाया जाता है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में शहीदों के
सम्मान में एक अगस्त से आजादी के पर्व तक शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा
आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस वर्ष 15 अगस्त से भारत वर्ष अपनी
आजादी के 75 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
धनखड़ ने कहा कि भारी सख्यां मेंं कार्यकर्ता कोविड प्रोटोकॉल की
अनुपालना करते हुए शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के दौरान बादली विधान सभा
क्षेत्र के नगर व गांवों में स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और
शहीद स्मारकों पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन करेंगे। उन्होंने कहा
कि बादली विधान सभा क्षेत्र में स्थित प्रत्येक शहीद की प्रतिमा पर
ससम्मान माल्यार्पण के लिए दस-दस कार्यकर्ताओं की टोली बनाई जा रही हैं।
ये टोली शहीद के परिजनों के साथ नौ अगस्त को सुबह आठ बजे शहीद की प्रतिमा
पर माल्यार्पण और स्मारक पर पुष्प अर्पित करके नौ बजे बाढ़सा शहीद सम्मान
तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए पंहुचेगीं। कार्यकर्ता अपने-अपने
वाहन लेकर शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा मेंं शामिल होंगे।
धनखड़ ने कहा कि यह क्षेत्र शूरवीरों की भूमि है। देश की आजादी
का आंदोलन हो या फिर आजादी के बाद मां भारती की सीमाओं को सुरक्षित रखने
का दायित्व। हमारे वीरों ने आगे बढ़कर अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपना
सर्वोत्तम बलिदान दिया है। हमारे रणबांकुरों की शहादत ने क्षेत्र की
भूमि को पवित्र बना दिया है। वीरों का सम्मान हमारा सर्वोपरि दायित्व है।
इसलिए एक अगस्त से 15 अगस्त तक भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शहीद के
परिजनों को साथ लेकर प्रदेशभर में शहीदों की प्रतिमाओं को नमन किया
जाएगा। बादली विधान सभा क्षेत्र की शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के संयोजक
पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश शास्त्री ने कार्यकर्ताओं को संंबोधित करते हुए
कहा कि इस पवित्र कार्य में सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही
है। तिरंगा यात्रा के रूट को भी कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श करते हुए
अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में संत एवं डेरा प्रदेश प्रमुख आनंद सागर,
युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नवीन सौलधा, तेजपाल लुहारी, संत सुरेहती,
डीपी कौशिक, विनोद बाढ़सा, संदीप हसनपुर,विनोद भटेड़ा सहित अन्य
पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।