झज्जर, 02 जुलाई
कोरोना वैश्विक महामारी के दौर में संक्रमण को रोकने के साथ ही दिनों दिन बढ़ती गर्मी में आमजन को स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए सावधानी रखनी बेहद जरूरी है। जनहित में स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत डीसी श्याम लाल पूनिया ने जिले वासियों का आह्वान किया है कि वे घर पर रहे सुरक्षित रहें। बिना वजह घर से बाहर न निकलें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे खाद्य व पेय पदार्थों की सैंपलिंग करते हुए नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने लघु सचिवालय सभागार में बैठक करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत पूरी जिम्मेवारी के साथ विभागीय कदम उठाने को कहा।
डीसी श्याम लाल पूनिया ने कहा कि झज्जर जिला कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ऐसे में आमजन को पूरी सजगता का परिचय देना चाहिए। हमें कोरोना संक्रमण के अलावा गर्मी के कारण लू की स्थिति में पैदा होने वाली बीमारियों से भी बचाव करना है। उन्होंने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जिला वासियों के स्वास्थ्य से संबंधित एडवाइजरी देते हुए कहा कि जरूरी हो तो ही घर से बाहर जाएं। बाहर जाते समय अपने साथ छाता या सिर पर कपड़ा रखें और अपने साथ पीने के लिए पानी भी अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि अब गर्मी के प्रकोप बढ़ने के साथ ही गर्म हवाएं व लू काफी तेज हो रही हैं, ऐसी परिस्थिति में आमजन गर्म हवाओं व लू के बचाव के लिए सावधानियां अवश्य बरतें।
गर्मी से बचाव के साधनों का करें उपयोग :
डीसी पूनिया ने कहा कि जहां तक संभव हो अधिक से अधिक पानी पिएं, भले ही प्यास न हो। गर्मी के स्ट्रोक, गर्मी के दाने या गर्मी से ऐंठन जैसे कि कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, हृदय रोग के लक्षणों को पहचाने तथा यदि बेहोशी का अहसास हो या बीमार महसूस करें तो तत्काल नजदीकी चिकित्सक से तुरंत संपर्क करें। शरीर को पुर्नहाईड्रेट करने के लिए ओआरएस या घर के बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का प्रयोग करें। सूती कपड़े पहने तथा अन्य गर्मी से बचाव के साधनों को उपयोग करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के साथ-साथ अब हमें गर्मी से बचाव के लिए भी जरूरी कदम उठाने हैं। यह ध्यान रहे अनावश्यक रूप में घर से बाहर न निकला जाए। विशेषकर बच्चे व बुजुर्ग बाहर निकलने से बचें । सोशल डिस्टेंसिंग बनाएं रखें व इसके लिए एक-दूसरे के बीच एक मीटर की दूरी रखें और मुंह पर मॉस्क अवश्य लगाएं। भारी काले व तंग कपड़े पहनने से बचें और ढीले, सूती कपड़े पहनें। जरूरी कार्य के लिए जाना हो तो सिर व चेहरे को कपड़े , टोपी या छाता से कवर करें। जहां तक संभव हो किसी भी सतह को छूने से बचें। साथ ही साबुन और पानी से हाथों को बार-बार और ठीक से धोएं। जब साबुन और पानी उपलब्ध न हो, तो हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करें। घर के प्रत्येक सदस्य के लिए अलग तौलिए रखें और इन तौलिए को नियमित धोएं। उन्होंने कहा कि घर को पर्दे, शटर या सनशेड आदि से ठंडा रखने का प्रयास करें तथा रात्रि के समय घर की खिड़कियां खुली रखें व अधिक से अधिक समय निचले तल पर रहने का प्रयास करें। अत्यधिक गर्मी से निपटने के लिए पंखों, नम कपड़ों का उपयोग करें और ठंडे पानी में स्नान करें। उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे अपने पशुओं को छाया में रखें और उन्हें समय समय पर पानी भी पिलाते रहें। डीसी ने आमजन को नंगे पांव या बिना मुंह को ढके घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। पीक ऑवर्स के दौरान खाना पकाने से बचें, खाना पकाने के क्षेत्र को हवादार करने के लिए दरवाजे और खिड़कियां खुली रखें। उन्होंने कहा कि शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय से बचें। इसके अलावा उच्च प्रोटीन, मसालेदार और तेलीय भोजन से बचें तथा बासी भोजन न करें। साथ ही बिना हाथ धोए अपनी आंखों, नाक और मुँह को न छूएं।
बैठक में एसडीएम झज्जर शिखा, सीटीएम शिवजीत भारती, डीआरओ बस्तीराम व लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सिंघरोहा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।