योग हमारी भारतीय संस्कृति की अमूल्य पहचान : डा. नीना सतपाल राठी

बहादुरगढ़।भाजपा महिला मोर्चा झज्जर जिलाध्यक्ष व नगर पार्षद डा. नीना सतपाल राठी के दिल्ली-रोहतक रोड पर सांखोल के नजदीक कार्यालय पर 7वें अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम पूरी तरह से बच्चों को समर्पित रहा। योग क्रिया में बच्चे, महिलाएं व पुरुष भी शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में देश के महान फर्राटा धावक व फ्लाईंग सिख मिल्खा सिंह को भी याद किया गया। भारत माता के सामने दीया जलाकर व दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।
 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित समारोह की शुरुआत भाजपा महिला मोर्चा झज्जर की जिलाध्यक्ष डा. नीना सतपाल राठी ने मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। कोविड-19 प्रोटोकाल  की पालना करते हुए योग साधकों ने शारीरिक व मानसिक तौर पर स्वस्थ रहने के लिए अनेक योग क्रियाएं भी की। भाजपा नेत्री डा. नीना सतपाल राठी ने योग प्रशिक्षक रेनू, रिषभ, अनीता की मौजूदगी में योग क्रियाओं को करते हुए सुखद स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आमजन को नियमित तौर पर योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग से शारीरिक व मानसिक तौर पर हम स्वस्थ भी रहते हैं।
उन्होंने कहा कि योग हमारी भारतीय संस्कृति की अमूल्य पहचान है, जिसके तहत हमें आध्यात्मिकता व शारीरिक परिपक्वता के रूप से स्वस्थ्य बने रहने में सहयोग मिलता है। आज योग के रूप में भारतीय संस्कृति की पहचान दुनियाभर में गुंजायमान हो रही है। योग एक व्यायाम ही नहीं है बल्कि मनुष्य जीवन में योग का संस्कारवान बनाने में भी अतुलनीय योगदान है। योग से न केवल सेहत में सुधार बल्कि मानसिक क्षमता का विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल सकारात्मक सोच के परिणामस्वरूप आज पूरी दुनिया भारत को योग गुरु मानते हुए अनुसरण कर रही है। डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में योग के माध्यम से हर वर्ग को जोडऩे का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के कुशल मार्ग दर्शन में पार्टी बेहतर कार्य करते हुए संगठन को भी मजबूत करने का काम कर रही हैं। साथ में पार्टी नीतियों के बारे भी लोगों को जागरुक करते रहते हैं। एडवोकेट राजबाला श्योराण भी योगा दिवस कार्यक्रम में मौजूद रही। उन्होंने कहा कि योग तनाव और चिंता को समाप्त करने के लिए एक रामबाण इलाज है। आज योग जीवन जीने का एक तरीका बन चुका है। इससे गंभीर विकारों से भी छुटकारा मिलता है। अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस पर आयोजित समारोह खासतौर पर बच्चों व युवाओं के लिए समर्पित रहा। योग समारोह में भाग लेने वाले बच्चों व अन्य को फ्रूट, जूस, दिवार घड़ी भी दी। साथ में सभी को गाय की लस्सी भी पिलाई गई।